जामनगर | सोमनाथ मंदिर में आज ऐतिहासिक और भव्य आयोजन देखने को मिला। मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 वर्ष पूरे होने पर ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ मनाया गया। इस मौके पर PM मोदी ने 2 किलोमीटर लंबा रोड शो किया, मंदिर पहुंचकर शिवाभिषेक किया और फिर रिमोट के जरिए मंदिर शिखर का कुंभाभिषेक संपन्न कराया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रों की गूंज, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और देशभक्ति से जुड़ा सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला। समारोह के बाद भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण टीम ने शानदार एयर शो भी किया।
75 साल पहले स्वतंत्र भारत में हुआ था पुनर्निर्माण
11 मई 1951 को स्वतंत्र भारत में नए स्वरूप में बने सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। आज उसी ऐतिहासिक क्षण के 75 साल पूरे होने पर अमृत महोत्सव आयोजित किया गया।
सोमनाथ मंदिर भारत की आस्था और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक माना जाता है। यह भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में पहला ज्योतिर्लिंग माना जाता है।
इतिहास के अनुसार, साल 1026 में आक्रमणकारी महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर पर हमला कर इसे ध्वस्त कर दिया था। खास बात यह है कि इस घटना के भी 1000 साल पूरे हो चुके हैं। ऐसे में वर्ष 2026 सोमनाथ मंदिर के इतिहास में विशेष महत्व रखता है।
PM मोदी का भव्य रोड शो और शिवाभिषेक
PM मोदी सुबह सोमनाथ पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने करीब 2 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। रास्ते में श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया।
मंदिर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने गर्भगृह में विधि-विधान से शिवाभिषेक किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 11 पवित्र तीर्थों के जल से मंदिर शिखर का अभिषेक किया गया।
इसके लिए 90 मीटर ऊंची क्रेन की मदद से कलश को मंदिर के ऊपर स्थापित किया गया था। प्रधानमंत्री ने रिमोट के जरिए इस विशेष कुंभाभिषेक प्रक्रिया को संपन्न कराया।
PM मोदी बोले- ऐसा लगता है पूरी सृष्टि कह रही है “जय सोमनाथ”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा—
“कला, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां… वेद मंत्रों का उच्चार… गर्भगृह में हो रहा शिवपंचाक्षरी का अखंड पाठ… और सागर की लहरों का जयघोष… ऐसा लग रहा है जैसे पूरी सृष्टि एक साथ बोल रही है— जय सोमनाथ।”
प्रधानमंत्री के इस संबोधन के दौरान पूरा परिसर ‘हर हर महादेव’ और ‘जय सोमनाथ’ के नारों से गूंज उठा।
डाक टिकट जारी, CM भूपेंद्र पटेल ने किया सम्मान
पूजा और अभिषेक के बाद भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री मोदी का पारंपरिक पगड़ी और खेस पहनाकर स्वागत किया। साथ ही उन्हें सोमनाथ मंदिर की फ्रेम की हुई तस्वीर भेंट की गई।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सोमनाथ अमृत महोत्सव पर विशेष डाक टिकट भी जारी किया।
सूर्यकिरण टीम का शानदार एयर शो
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम का एयर शो रहा। भारतीय वायुसेना की यह टीम जामनगर एयरफोर्स स्टेशन से सोमनाथ पहुंची थी।
करीब 15 मिनट तक आसमान में विमानों ने रोमांचक करतब दिखाए। एयर शो के दौरान श्रद्धालुओं ने तिरंगे और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ उत्साह जताया।
इसके अलावा चेतक हेलिकॉप्टर से मंदिर परिसर में पुष्पवर्षा भी की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
सोमनाथ ट्रस्ट म्यूजियम भी पहुंचे PM
एयर शो के बाद प्रधानमंत्री मोदी सोमनाथ ट्रस्ट के म्यूजियम भी पहुंचे। यहां उन्होंने मंदिर के पुराने अवशेष और ऐतिहासिक धरोहरों को देखा।
म्यूजियम में मंदिर के विभिन्न कालखंडों से जुड़े अवशेष, पुरानी मूर्तियां और ऐतिहासिक दस्तावेज संरक्षित हैं, जो सोमनाथ के संघर्ष और पुनर्निर्माण की कहानी बताते हैं।
भारत की सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक है सोमनाथ
सोमनाथ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान, पुनर्जागरण और अटूट आस्था का प्रतीक माना जाता है।
कई बार टूटने और दोबारा बनने के बाद भी सोमनाथ आज मजबूती से खड़ा है। यही वजह है कि यह मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र होने के साथ-साथ भारतीय सभ्यता की शक्ति का भी प्रतीक बन चुका है।

