रायपुर । ट्रांसपोर्ट बुकिंग के लिए प्रमुख मार्गों पर शाम 5 से 9 बजे तक मालवाहक वाहनों के संभावित प्रतिबंध के मुद्दे पर व्यापारियों और प्रशासन के बीच परामर्श की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बुधवार को रायपुर के प्रमुख बाजार और ट्रांसपोर्ट क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।
कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन और राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा व्यापारियों से व्यवहारिक सुझाव आमंत्रित किए जाने के बाद यह निरीक्षण किया गया। प्रतिनिधियों ने स्टेशन रोड, तेलघानी नाका, भैंसथान, गुढियारी, अग्रसेन चौक, प्रभात टॉकीज, संजय गांधी चौक और नहरपारा जैसे क्षेत्रों का दौरा कर ट्रैफिक व्यवस्था, माल बुकिंग, लोडिंग-अनलोडिंग और आवागमन की स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के बाद व्यापारिक संगठनों ने बैठक कर सुझावों का मसौदा तैयार किया, जिसे प्रशासन को सौंपा जाएगा। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के समन्वय से ऐसा समाधान निकलेगा, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा, आम नागरिकों को जाम से राहत मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित नहीं होंगी।
निरीक्षण और बैठक में कैट और विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

